हटिया मेले के साथ गंगा महोत्सव का समापन, भाजपा नेता अभिलाष कौशल ने कहा – सामाजिक समागम का अद्भुत दृश्य है मेला

ऊँचाहार, रायबरेली। पौराणिक दक्षिणवाहिनी मां गंगा, महर्षि गोकर्ण एवं राजा भगीरथ की तपोस्थली गोकर्ण तीर्थ गोकना घाट पर चल रहे तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा गंगा महोत्सव-स्नान मेला का बुधवार को हटिया मेले के साथ भव्य समापन हो गया। समापन अवसर पर समाजसेवी, वरिष्ठ सर्राफा व्यवसायी व संस्था के सदस्य अभिलाष चंद्र कौशल ने कहा कि मेला सामाजिक समागम का अद्भुत दृश्य है। यहां जाति-धर्म से ऊपर उठकर सभी वर्ग के लोग एक साथ गंगा स्नान करते हैं, मेला घूमते हैं और एक-दूसरे से मिलते हैं। यही हमारी गंगा-जमुनी संस्कृति और सनातन परंपरा की असली ताकत है।
उन्होंने कहा कि गोकना घाट की यह परंपरा सदियों पुरानी है। इस मेले को जीवित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रशासन, समिति और व्यापारियों के सहयोग से इस बार भी मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण और सफल रहा, इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
मेले के अंतिम दिन भी हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। जिले के अलावा अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशांबी से सैकड़ों लोग नाव से आकर गंगा स्नान कर हटिया मेले का आनंद लिया। मेले में लगे झूलों पर बच्चों व युवाओं की भारी भीड़ रही। चाट-चटपटे व जलेबी की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। सौंदर्य प्रसाधन सामग्री व गृहस्थी के सामान की दुकानों पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की।
संस्था के सचिव पं. जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण सेवा समिति द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को गहरे जल में स्नान न करने, अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करने, बच्चों का हाथ पकड़कर स्नान करने व मेला देखने, मां गंगा में साबुन-शैंपू न लगाने और कूड़ा-कचरा न फेंकने की जानकारी लगातार दी जाती रही। इससे पूर्व घाटों व मंदिरों की साफ-सफाई भी कराई गई थी।
मेला समापन पर अभिलाष चंद्र कौशल ने गंगा पूजन, महाआरती एवं दीपदान कर मेले का समापन किया। संस्था के मुख्य संरक्षक रतिपाल शुक्ला ने आए हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा व मेला सकुशल संपन्न होने पर मेले में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यवसायियों व नाविकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉक्टर शिव त्रिपाठी, प्रिन्याशु मौर्या ,विजय सिंह,सुनील दुबे,राजेश मिश्रा,सुंदरलाल यादव रामधनी प्रजापति दयाराम महेंद्र निषाद भगवान शुक्ला गजानन शास्त्री कार्तिकेय सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।



