दिव्यांग बच्चों को शिक्षा में मिलेगी सुविधा

दिव्यांग बच्चों को वितरण किए सहायक उपकरण

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर ब्लॉक संसाधन केंद्र जसवंतनगर परिसर में बुधवार को समग्र शिक्षा के अंतर्गत समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण वितरित करने के लिए शिविर आयोजित किया गया। इसमें 6 से 14 वर्ष तक के विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को चलने-फिरने, उठने-बैठने,देखने और सुनने में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए विभिन्न उपकरण दिए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली असुविधा को देखते हुए उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। अब बच्चे इनकी मदद से आसानी से विद्यालय पहुंचकर शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे और जीवन में आगे बढ़ सकेंगे।

जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अर्चना सिन्हा, एलिम्को कानपुर से आए दिव्यांगता विशेषज्ञ गौरव कुमार, ऑडियोलॉजिस्ट और कैलीपर्स विशेषज्ञों की मौजूदगी में उपकरण वितरित किए गए। एसडीएम ने बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें ट्राइसाइकिल,व्हीलचेयर, बैसाखी,कैलीपर्स,ब्रेल स्लेट,स्टाइलस,छड़ी, रोलेटर और एमआर शिक्षण सामग्री प्रदान की।

विशेष शिक्षक प्रहलाद कुमार ने बताया कि शिविर में कुल 131 बच्चे पंजीकृत थे,जिनमें से 128 बच्चों को उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया था। इनमें 20 व्हीलचेयर,दो एल्बो क्रच, 15 कैलीपर्स,18 ट्राइसाइकिल,14 रोलेटर, छह सुगम्य केन,एक सीपी चेयर,प्राथमिक स्तर के तीन और माध्यमिक स्तर के नौ एमआर टीएलएम किट वितरित किए गए। इसके अलावा 28 बच्चों को कान की मशीन के साथ बैटरी भी प्रदान की गई।

उन्होंने बताया कि कई बच्चों को एक से अधिक उपकरण दिए जा रहे हैं, ताकि वे ट्राइसाइकिल से विद्यालय पहुंचने के बाद बैसाखी या रोलेटर की सहायता से कक्षा तक पहुंच सकें और सुविधाजनक तरीके से पढ़ाई कर सकें।

Related Articles

Back to top button