कांग्रेस को मिलेगा कुर्मी समाज का नया चेहरा, पूर्व बसपा प्रत्याशी उदराज वर्मा 5 दिसंबर को करेंगे पार्टी में एंट्री

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है। इसी रणनीति के तहत पार्टी को अयोध्या मंडल में एक नया चेहरा मिलने जा रहा है। सुल्तानपुर से बहुजन समाज पार्टी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी उदराज वर्मा 5 दिसंबर को कांग्रेस में शामिल होंगे। उनके पार्टी में आने को क्षेत्र में कांग्रेस के जनाधार के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उदरज वर्मा की अयोध्या मंडल में कुर्मी समाज के बीच अच्छी पहचान है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बसपा के टिकट पर सुल्तानपुर संसदीय सीट से चुनाव लड़ा था और 1.53 लाख से अधिक मत हासिल किए थे। बसपा में रहते हुए उन्होंने संगठन के कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली। वह पार्टी के स्टार प्रचारक और अयोध्या मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी भी रह चुके हैं। इसके अलावा विधानसभा स्तर पर भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाई हैं।
5 दिसंबर को आयोजित होने वाले कांग्रेस के सदस्यता कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद और कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष अनिल यादव जय हिंद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
कांग्रेस में उदराज वर्मा की एंट्री को केवल एक नेता के दल बदलने के तौर पर नहीं, बल्कि अयोध्या मंडल में सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके जरिए कुर्मी समाज के साथ ही अन्य पिछड़े वर्गों के मतदाताओं के बीच भी अपनी पहुंच बढ़ाई जा सकेगी।
वहीं, उदराज वर्मा की अगली राजनीतिक पारी का लक्ष्य 2027 का विधानसभा चुनाव भी माना जा रहा है। चर्चा है कि वह जयसिंहपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। ऐसे में कांग्रेस में उनका शामिल होना सुल्तानपुर की आगामी चुनावी राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकता है।



