शादी का दबाव बनाने का आरोप: भाई बहन को पीटा
विरोध करने पर गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बलैयापुर में मंगलवार सुबह युवती से छेड़खानी, शादी का दबाव बनाने और अपहरण का प्रयास करने का आरोप सामने आया है। विरोध करने पर युवती के भाई के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि युवक ने शादी करने या गोली मारने की धमकी दी। मामले में युवती के भाई ने गांव के ही एक युवक और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे श्याम सिंह अपने पिता के साथ बहन की शादी को लेकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही निखिल पुत्र सतीश चंद्र अपने दो अज्ञात साथियों के साथ कार से वहां पहुंच गया। आरोप है कि निखिल युवती पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर वह कार से उतरकर मारपीट करने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे युवती के भाई श्याम सिंह के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि निखिल ने शादी करने अथवा गोली मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी अपने साथियों के साथ भागने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ जुटने के बीच आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले बातचीत हुई थी, लेकिन बाद में विवाद हो गया। युवती और उसके भाई के साथ मारपीट की शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि अपहरण जैसी कोई बात अभी सामने नहीं आई है। तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपियों की तलाश की जा रही है।



