देश के कई राज्यों में महसूस हुए भूकंप के तेज झटके, जानिए कहां था केंद्र और कितना हुआ नुकसान!

Earthquake News Today: मंगलवार सुबह करीब 7:02 बजे आए भूकंप के झटकों से लोगों में अफरा-तफरी और हलचल मच गई। यूरोपियन मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के मुताबिक मंगलवार को नेपाल के कोशी प्रांत में 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर (6.2 मील) रही। इस भूकंप के झटके सिक्किम में भी महसूस किए गए। इससे पहले राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार मंगलवार तड़के 12:13 बजे सिक्किम के पास भूटान में 2.4 तीव्रता का हल्का भूकंप आया था, जिसका केंद्र गंगटोक से 56 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था।

पूर्वी नेपाल में सिक्किम सीमा के करीब केंद्र होने के कारण पूर्वी हिमालयी क्षेत्र में प्रशासन और लोगों के बीच सतर्कता बढ़ गई है। राहत की बात यह है कि ताजा जानकारी मिलने तक जान-माल के नुकसान या किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भूकंप की तीव्रता 5.4 रही और यह 24 नवंबर 2026 को सुबह 7:02:47 IST पर दर्ज किया गया, जिसका केंद्र 27.855 N अक्षांश, 87.909 E देशांतर और 20 किलोमीटर गहराई पर नेपाल में रहा। वहीं अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने बताया कि यह भूकंप भारत के मंगन से 67 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में दर्ज हुआ।

इस राज्य में सड़क हादसों में डेली 42 लोगों की मौत, हर 35 मिनट में जा रही है एक जान

भूकंप के झटकों का असर भारत के विभिन्न हिस्सों में भी देखने को मिला। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार बिहार, पश्चिम बंगाल और मेघालय के कुछ क्षेत्रों सहित पूर्वी व पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों तथा हिमालयी बेल्ट से सटे हिस्सों में धरती हिलने से लोग घरों से बाहर निकल आए और दहशत का माहौल बन गया।

यूएसजीएस के अनुसार कोशी प्रांत में आए 5.4 तीव्रता के इस भूकंप के झटके भारत के अलावा भूटान और बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में भी महसूस हुए, जबकि चीन के कुछ क्षेत्रों से भी कंपन की सूचनाएं सामने आई हैं। इसी बीच नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुबह 3:39 बजे 2.5 तीव्रता का एक और भूकंप आया, जिसकी गहराई 15 किलोमीटर थी और इसका केंद्र 25.743 N अक्षांश व 93.355 E देशांतर पर दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button