महीनों से जलभराव: कीचड़ से ग्रामीण परेशान
स्कूली बच्चे,महिला- पुरुष और बुजुर्गों का घरों से निकलना मुश्किल

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के नगला घनु गांव में पिछले कई महीनों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। सुघर सिंह के घर से राम गोपाल के घर तक जाने वाले रास्ते पर पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। रास्ते पर फिसलन होने के कारण आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, इसी रास्ते से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का प्रतिदिन आवागमन होता है। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण आसपास गंदगी फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने जलभराव के लिए तालाब पर कथित कब्जे को जिम्मेदार बताते हुए प्रशासन से जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों मोहन,आदिराम, रामजीत,संतोष, रामदुलारे,बृजमोहन, पप्पू,आलोक,भूरे,राजू आदि का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से उन्हें रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संबंध में एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह ने मौके पर टीम भेजकर जांच कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है।



