खराब ट्रांसफार्मर से राजकीय नलकूप बंद
फसलें सुख रहीं सिंचाई को परेशान किसान

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम नगला रामसुंदर स्थित राजकीय नलकूप संख्या 285 ईजी का ट्रांसफार्मर खराब होने से पिछले कई माह से सिंचाई कार्य ठप पड़ा है। इससे खरीफ की फसलों के बाद रबी की फसलों की पलेवा और सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नलकूप चालक अंकुर कटियार के अनुसार, लगभग तीन से चार माह पूर्व आई आंधी के दौरान ट्रांसफार्मर पोल से गिर गया था और कई दिनों तक जमीन पर पड़ा रहा। बाद में उसी खराब ट्रांसफार्मर को दोबारा पोल पर लगा दिया गया था, लेकिन नलकूप की विजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी इसके चलते राजकीय नलकूप बंद पड़ा हुआ था।
नलकूप चालक ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए पहले 33/11 केवी विजली उपकेंद्र जुगौरा के अवर अभियंता से शिकायत की गई इसके बाद सहायक अभियंता विद्युत उपखंड जसवंतनगर और अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड तृतीय सैफई को भी मामले से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
नलकूप चालक ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण मंडल इटावा को भी शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
साथ ही खराब ट्रांसफार्मर बदलवाकर आपूर्ति बहाल कराने की गुहार लगाई है, ताकि किसानों को रबी की फसलों की सिंचाई के लिए पानी मिल सके। वहीँ उक्त गाँव के किसान मुन्ना सिंह, राजा, नायब, भूरे, लालू, राजीव, छोटे, हरविलास, टीपू, टिल्लूआदि ने बताया कि नहर में सफ़ाई के कारण पानी नहीं है और गेहूँ बुबाई के लिए पलेवा करना है नलकूप ही सहारा है वो भी कई माह से ट्रांसफार्मर नहीं होने से बंद पड़ा हुआ है।


