रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम : एसपी विनीत जायसवाल

सुल्तानपुर। रामलखन मैरिज प्वाइंट में आयोजित रक्तदान शिविर में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। गायत्री परिवार, अम्बेडकर परिवार, गोमती मित्र मंडल एवं संयुक्त सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का समन्वय डॉ. सुधाकर सिंह ने किया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने रक्तदाताओं के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है।एसपी ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और मानव सेवा का भाव भी है। ऐसे आयोजनों से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है और अधिक से अधिक लोगों को इस नेक कार्य के लिए प्रेरणा मिलती है।शिविर के आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों की संयुक्त भागीदारी ने समाजसेवा और आपसी सहयोग की मिसाल पेश की।



