ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन के लिए अब तक 252 पंजीकरण

12 व 13 दिसंबर को लोहिया नगर के अग्रसेन भवन में होगा आयोजन, 600 से अधिक पंजीकरण होने की उम्मीद

गाजियाबाद। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की ओर से 28वां ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 12 व 13 दिसंबर 2026 को लोहिया नगर स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर युवाओं और उनके परिजनों में उत्साह है। अब तक 150 युवक और 102 युवतियों सहित कुल 252 पंजीकरण हो चुके हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह संख्या 600 के पार पहुंचेगी।

मुख्य संयोजक पं. जेके गौड़ ने बताया कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 6 दिसंबर है। इच्छुक युवक-युवतियां अग्रसेन भवन के सामने स्थित मुख्य कार्यालय में पंजीकरण करा सकते हैं। सभी पंजीकृत प्रतिभागियों का विवरण ब्राह्मण गौरव पत्रिका में प्रकाशित किया जाएगा, जिसका वितरण 13 दिसंबर को होगा।

जिलाध्यक्ष पं. जय नंद शर्मा और महानगर अध्यक्ष पं. सुभाष शर्मा ने बताया कि 12 दिसंबर को सुबह 8:30 बजे हवन और 10 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. गोपाल दत्त शर्मा सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष पं. विजय भारद्वाज ने बताया कि बाहर से आने वाले परिवारों के ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी।

स्वागत अध्यक्ष डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि ऐसे सम्मेलनों से दहेज और फिजूलखर्ची जैसी सामाजिक बुराइयों पर रोक लगाने में मदद मिलती है। महासभा के अब तक 27 सम्मेलन सफल रहे हैं, जिनके माध्यम से हजारों युवाओं को योग्य जीवनसाथी मिले हैं। प्रेस वार्ता में महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button