रास्ता घेरकर किशोर को पीटा: मां को मारा डंडा
स्कूल से घर लौटते समय किया हमला, बचाने पहुंची मां पर लाठी से बोला हमला

भरथना, इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे एक किशोर के साथ मारपीट करने और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां को भी डंडे से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नगला हरवंश निवासी बादल नट पुत्र सोनू नट ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह स्कूल से घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान भरथना के पाली बम्बा रोड पर पहले से मौजूद एक नामजद तथा तीन अन्य लोगों ने उसे अपने पास बुला लिया। आरोप है कि सभी लोग एकराय होकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथों और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसके शरीर पर काफी चोटें आईं।
पीड़ित के मुताबिक, चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने उसे बचाया। इसके बाद उसने घर पहुंचकर अपने भाई को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर उसकी मां अमर देवी मौके पर पहुंचीं और आरोपियों से बेटे के साथ मारपीट करने का कारण पूछा। आरोप है कि इस दौरान अभय ने उनकी मां के हाथ पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में भी काफी चोटें आईं। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.



