पेड़ पर लटका मिला महिला का शव
घटना स्थल ईंट भट्ठे के पास मचा हड़कंप,

जसवंतनगर,इटावा।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फुलरई के पास स्थित ईंट भट्ठे के समीप शुक्रवार देर शाम एक महिला का शव विलायती बबूल के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। महिला की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
मृतका की पहचान 28वर्षीय आराधना पत्नी मुनीम केवट निवासी ग्राम गडर, थाना मजगवां, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है। बताया गया है कि आराधना अपने माता-पिता के साथ गाँव फुलरई के पास स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करती थी और वहीं रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, कुछ महीने पहले उसके पति ने उसका साथ छोड़ दिया था।
शुक्रवार देर शाम नजदीक दूसरे भट्ठे के समीप झाड़ियों के मध्य खड़े एक विलायती बबूल के पेड़ पर रस्सी के सहारे महिला का शव लटका दिखाई दिया। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। औऱ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



