दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने में जुटीं नींव शक्ति संस्थान की सह-संस्थापक दिव्या
दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से लेकर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार तक कर रहीं सहयोग

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, समान अवसर उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने में नींव शक्ति संस्थान की सह-संस्थापक एवं समाजसेविका दिव्या महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से दिव्यांगजनों और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा, रोजगार, सरकारी सुविधाओं तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में नई राह मिल रही है।
पूर्व रेडियो जॉकी एवं केमिस्ट्री शिक्षिका रहीं दिव्या ने अपने अनुभव और सामाजिक संवेदनशीलता को जनसेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने दिव्यांगजनों और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सशक्तिकरण का संकल्प लेते हुए नींव शक्ति संस्थान के माध्यम से विभिन्न सामाजिक पहल शुरू की हैं। संस्थान दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी), पेंशन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग कर रहा है।
संस्थान द्वारा संचालित देव भागीरथी लर्निंग सेंटर में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा, विशेष प्रशिक्षण और थेरेपी के माध्यम से सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यहां बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर सीखने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाता है।
दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संस्थान मोटराइज्ड बिजनेस ऑन व्हील्स, खोखा और कियोस्क जैसी पहलों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सम्मानजनक आजीविका प्रदान करना और उन्हें दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं रोजगार स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
दिव्या ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासन के सहयोग से दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों, सुविधाओं और आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। सरकार और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
नींव शक्ति संस्थान का उद्देश्य प्रत्येक दिव्यांगजन को शिक्षा, रोजगार, समान अवसर और सम्मानपूर्ण जीवन उपलब्ध कराना है। दिव्या के नेतृत्व में किए जा रहे ये प्रयास सामाजिक सहभागिता और संवेदनशीलता की मिसाल बन रहे हैं। संस्थान का संकल्प है कि दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा में अपनी सशक्त भागीदारी निभाएं और सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करें।



