गांव की चौपाल पर लगा किसान दिवस, डीएम ने खत्म कराया किसानों का धरना
दीपावली से पहले 21.65 करोड़ रुपये के ब्याज भुगतान के निर्देश, सिमरन और प्रदीप को दी बधाई

गाजियाबाद। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने पहली बार विकास भवन के बजाय भोजपुर ब्लॉक के ग्राम तलहेटा की चौपाल पर किसान दिवस आयोजित किया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में किसानों की समस्याएं सुनी गईं। धरने पर बैठे किसानों से भी संवाद किया गया, जिसके बाद डीएम ने उनका धरना समाप्त कराया। किसानों ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और उप कृषि निदेशक का आभार जताया।
डीएम ने कहा कि प्रशासन किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगा। इसी उद्देश्य से अगले महीने भी किसी गांव में किसान दिवस आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सिंचाई, बिजली, खाद-बीज, राजस्व और गन्ना भुगतान से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
गन्ना किसानों को मिलेगा बकाया ब्याज
जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को चीनी मिलों पर किसानों की बकाया ब्याज राशि 21.65 करोड़ रुपये का भुगतान दीपावली से पहले सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा शिकायतों के संबंध में समुचित जानकारी नहीं दिए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी से कार्य करने और किसानों की समस्याओं का समाधान करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। पिछली किसान दिवस की शिकायतों की निस्तारण आख्या प्रस्तुत नहीं करने वाले अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
सिमरन और प्रदीप को किया प्रोत्साहित
किसान दिवस के दौरान डीएम ने एशियन पैरा गेम्स-2026 में पदक जीतने वाली मोदीनगर की सिमरन शर्मा और मुरादनगर के प्रदीप कुमार को बधाई दी। सिमरन ने 200 मीटर दौड़ 24.80 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि प्रदीप ने एफ-54 वर्ग की भाला फेंक स्पर्धा में 27.45 मीटर प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया।
डीएम ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां जनपद के लिए गौरव का विषय हैं। निर्वाचन कार्यों के समापन के बाद दोनों को जिला आइकॉन के रूप में सम्मानित किया जाएगा और प्रशासनिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



