करवा चौथ की रात बुझ गए तीन घरों के चिराग: दर्दनाक मौत से हिला पूरा इलाका

Morena Road Accident: करवा चौथ की पावन रात जहां सुहागिनें छलनी की ओट से चांद देखकर अपने जीवनसाथी की लंबी उम्र की दुआएं मांग रही थीं, वहीं मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-44 पर हुए एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे ने तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत घरौंना मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने घर लौट रहे बाइक सवार तीन मजदूरों को सीधे रौंद डाला। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दो सगे भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे मजदूर की अस्पताल में इलाज के दौरान सांसें थम गईं। दिनभर हाड़-तोड़ मेहनत के बाद त्योहार की रात अपने घर पहुंचने की उम्मीद में निकले इन बेबस कामगारों की मौत की खबर जब गांव पहुंची, तो वहां कोहराम मच गया।

मेहनत की कमाई लेकर लौट रहे थे घर, काल बनकर आया अज्ञात ट्रक

हिंगोना कला गांव के रहने वाले 31 वर्षीय कल्लू माहौर, उनका 18 वर्षीय छोटा भाई गोपी माहौर और 50 वर्षीय साथी प्रकाश माहौर गुरुवार सुबह मजदूरी की तलाश में मुरैना शहर आए थे। दिनभर पसीना बहाने के बाद रात में तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नेशनल हाईवे-44 पर घरौंना मंदिर के पास पहुंची, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में कल्लू और गोपी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 50 वर्षीय प्रकाश लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पते रहे। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया, वहीं हाईवे पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई।

अब रेलवे स्टेशन जाने की झंझट खत्म! घर बैठे ऐप से बुक करें पार्सल, रेलवे खुद आएगा सामान लेने

पुलिस ने शुरू की फरार चालक की तलाश, गांव में पसरा सन्नाटा

राहगीरों की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल मुरैना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रकाश को भी मृत घोषित कर दिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर फरार ट्रक और चालक की पहचान में जुटी है। शुक्रवार को तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। करवा चौथ के दिन दो सगे भाइयों सहित तीन कमाऊ सदस्यों के एक साथ चले जाने से पूरे हिंगोना कला गांव का हर शख्स स्तब्ध है और पीड़ित परिवारों के घर चूल्हे तक नहीं जले हैं।

Related Articles

Back to top button