फायर ब्रिगेड ने तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर पाया काबू, चार लोगों ने सुरक्षित बाहर निकलकर बचाई जान

गाजियाबाद। कौशांबी स्थित सेंट्रल पार्क के पास डी-53 भवन के बेसमेंट में संचालित ड्रोन यार्ड ऑफिस में आग लग गई। सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग लगने का कारण इन्वर्टर फटना बताया गया है। बेसमेंट में बड़ी मात्रा में बैटरियां रखी हुई थीं। अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, फायर स्टेशन वैशाली को चार्ली-2 के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दो फायर टैंकर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। क्षेत्र में फायर रिस्क निरीक्षण कर रहे प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए वैशाली फायर स्टेशन से एक और दमकल गाड़ी बुला ली गई।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि डी-53 कौशांबी के बेसमेंट में संचालित ड्रोन यार्ड ऑफिस में आग लगी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन्वर्टर फटने से आग लगने की आशंका जताई गई। दमकलकर्मियों ने दो डिलीवरी होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। साथ ही एग्जॉस्ट फैन की मदद से बेसमेंट में भरे धुएं को बाहर निकाला गया। कुछ समय की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग लगने के समय बेसमेंट में चार लोग मौजूद थे, जो सुरक्षित बाहर निकल आए। बेसमेंट में केवल एक सीढ़ी होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भवन की स्वामी ईवा सक्सेना हैं, जबकि बेसमेंट में संचालित कार्यालय के मालिक सचिन अरोरा और विपिन सिंह बताए गए हैं। अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।



