नवरात्रि के पहले दिन मां ब्रह्माणी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
झंडा-नेजा चढ़ाने की परंपरा निभाने पहुंचते हैं भक्त

जसवंतनगर,इटावा। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन सिद्ध पीठ मां ब्रह्माणी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। सुबह से ही भक्तों ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं, नवरात्रि मेले को लेकर मंदिर परिसर और आसपास की दुकानों में रौनक बढ़ने लगी है। दुकानदारों ने खानपान, प्रसाद, पूजन सामग्री और महिलाओं के सामान की दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं।
मां ब्रह्माणी देवी मंदिर में क्वार नवरात्रि के अवसर पर लगने वाला मेला क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु मां के दर्शन करने पहुंचते हैं। मेले में 100 से अधिक दुकानें लगती हैं। नवरात्रि के पहले दिन झंडा-नेजा चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम रही, लेकिन आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ने की संभावना है।
झंडा-नेजा चढ़ाने की विशेष परंपरा
मंदिर के पुजारी प्रेम कुमार मिश्रा ने बताया कि क्वार नवरात्रि के दौरान यहां नौ दिवसीय मेला आयोजित होता है। मंदिर में झंडा-नेजा चढ़ाने की विशेष परंपरा है। मान्यता है कि मनोकामना पूरी होने पर श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर पहुंचकर माता को झंडा चढ़ाते हैं। इस परंपरा के चलते नवरात्रि में मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहता है।
सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे पुलिस और पीएसी के जवान
मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी के जवान भी तैनात रहेंगे। इससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन-पूजन कर सकेंगे। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मंदिर का इतिहास 500 वर्ष से अधिक पुराना बताया जाता है। कहा जाता है कि भदावर रियासत के राजा ने एक शर्त के आधार पर मंदिर का निर्माण कराया था। धार्मिक मान्यताओं और झंडा-नेजा चढ़ाने की परंपरा के चलते हर वर्ष नवरात्रि में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।



