पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली, चोरी की फॉर्च्यूनर बरामद; साथी फरार

गाजियाबाद। कमिश्नरेट गाजियाबाद की क्राइम ब्रांच और लिंक रोड थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। उसके कब्जे से लिंक रोड थाना क्षेत्र से चोरी की गई सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार बरामद हुई है। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच और लिंक रोड थाना पुलिस की टीम सूर्यनगर चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसमें सवार लोगों ने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी कार मोड़कर भागने लगे।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कार चला रहे आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान फरमान पुत्र मेहरबान, निवासी समर गार्डन, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई।
दो थानों में दर्ज मामलों में था वांछित
एसीपी क्राइम के मुताबिक, फरमान थाना लिंक रोड और थाना मधुबन बापूधाम में दर्ज मामलों में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बरामद फॉर्च्यूनर कार लिंक रोड थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



