जनसुनवाई में डीएम ने दिए शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनसुनवाई करते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों पर संबंधित विभाग नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करें और शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

डीएम ने गरीब, पीड़ित, दिव्यांग, बुजुर्ग और बेसहारा लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करें। प्रत्येक शिकायत में तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर जिलाधिकारी (भू/अ), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), सिटी मजिस्ट्रेट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button