लेखपालों ने आठ सूत्री मांगों को लेकर किया कार्य बहिष्कार

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

जसवंतनगर,इटावा। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को तहसील परिसर में लेखपालों ने आठ सूत्री मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह को सौंपा। लेखपालों ने लंबित मांगों का जल्द निस्तारण कराने की मांग की।

ज्ञापन में लेखपालों ने कहा कि प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड पे की मांग पिछले 10 वर्षों से लंबित है। वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग भी की गई। इसके साथ ही आठ वर्षों से लंबित अंतरमंडलीय स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी कराने,दो वर्षों से लंबित चैन की पदोन्नति सूची जारी करने और डीपीसी कराने की मांग उठाई गई।

लेखपालों ने चयन वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित करने, स्थायीकरण में हो रहे विलंब को दूर करने और महंगाई भत्ते में वृद्धि की मांग भी रखी। ग्राम सचिवालयों में आधारभूत सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराए बिना रोस्टर लगाए जाने का विरोध किया गया।

ज्ञापन में लेखपाल पद को पिछले 10 वर्षों से लंबित मांग के अनुरूप तकनीकी पद घोषित करने की मांग भी शामिल रही। लेखपालों ने कहा कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

इस दौरान तहसील अध्यक्ष जहीर खान,मंत्री दीपक यादव,मनीष दुबे, अनुराग,पंकज,राहुल, आकांक्षा मिश्रा,कवीक्षा, नेहा समेत कई लेखपाल मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button