जाम के झाम में फिर घंटों फसी रहीं स्कूल बसें
स्कूली बसों में कई घंटे भूंख प्यास से व्याकुल दिखे नन्हे छात्र-छात्राएं

भरथना,इटावा। भरथना नगर में जाम की समस्या इतना विकराल रूप धारण करती चली जा रही है कि कस्बा के चारों प्रमुख मार्गों पर कई-कई घण्टों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम की लम्बी-लम्बी कतारों में फंसकर स्कूली वाहन,एम्बुलेंस सहित अन्य महत्वपूर्ण वाहन इसका शिकार होते रहते हैं। वहीं स्थानीय कृषि उत्पादन मण्डी समिति में अभी धान की आवक आने से पूर्व ही नगरवासियों को जाम के झाम से जूझना पड रहा है।
कस्बा के ऊसराहार रोड स्थित पुराना भरथना मण्डी समिति मोड पर गुरूवार की दोपहर आडे तिरछे फंसे वाहनों के कारण कई घण्टों तक जाम लगा रहा। जाम की विकराल समस्या से नगर कई वर्षों से जूझ रहा है। ऐसे में नगर के प्रमुख मार्गों व चौराहों पर यातायात पुलिस की गैरमौजूदगी आग में घी डालने का काम करती है। इसी तरह नगर के अन्य प्रमुख मार्ग जवाहर रोड, आजाद रोड,बालूगंज, सरोजनी रोड,मोतीगंज, तिलक रोड आदि मार्ग भी पूरे दिन में एक-दो बार कई-कई घण्टों जाम की चपेट में बने रहते हैं।
ज्ञातव्य होकि अभी कृषि उत्पादन मण्डी समिति में धान की आवक सही ढंग से शुरू नहीं हुई है। इसके पूर्व ही उक्त मार्ग पर लगने वाला जाम वर्तमान में इस तरह लग रहा है। ऐसी स्थिति में जब मण्डी में धान की आवक आना शुरू हो जायेगी,तब यह समस्या और अधिक विकराल रूप धारण करेगी। नगरवासियों ने नगर के प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस की तैनाती की पुरजोर मांग की है।



