सीकरी मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान

मोदीनगर। ‘एक घंटा, एक साथ स्वच्छता के लिए श्रमदान’ अभियान के तहत बुधवार को सीकरी मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली, अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्र, सभासदों और पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रमदान कर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई की।
कार्यक्रम में सभासद दुष्यंत यादव, प्रदीप शर्मा, ललित त्यागी, कृष्णराज सेन सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर परिसर से कूड़ा एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया और लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने के लिए जागरूक किया।
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, पालिका कर्मचारियों और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही मोदीनगर को स्वच्छ बनाया जा सकता है।



