भरथना के सुमित यादव का हुआ चयन

यूपीसीए की अंडर-23 श्रेणी के टॉप 60 खिलाड़ियों में हुआ चयन

भरथना,इटावा। भरथना कस्बे के मोहल्ला मंडी रोड निवासी अनिवीर यादव के पुत्र सुमित यादव का उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की अंडर-23 श्रेणी के टॉप 60 खिलाड़ियों में चयन हुआ है। सुमित के चयन की जानकारी मिलते ही परिजनों,खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सुमित भरथना में संचालित अनुरति क्रिकेट एकेडमी में कोच अनुराग तिवारी की देखरेख में क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह नियमित रूप से अभ्यास करने के साथ क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। कोच के मार्गदर्शन और लगातार मेहनत के चलते सुमित ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया और यूपीसीए की अंडर-23 चयन प्रक्रिया में जगह बनाने में सफलता हासिल की।

सुमित के चयन पर अनुरति क्रिकेट एकेडमी के कोच अनुराग तिवारी ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सुमित प्रतिभावान खिलाड़ी हैं और लगातार मेहनत कर रहे हैं। यूपीसीए अंडर-23 के टॉप 60 खिलाड़ियों में चयन उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुमित आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए क्रिकेट के क्षेत्र में भरथना का नाम रोशन करेंगे। सुमित के चयन पर परिजनों के अलावा एकेडमी से जुड़े खिलाड़ियों,खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने उनके बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button