पीटीएम में अभिभावकों से साझा किया जाएगा बच्चों का समग्र प्रगति पत्र

गाजियाबाद। जिला अधिकारी कार्यालय के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की सितंबर माह की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अगस्त माह की समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान सीडीओ ने आगामी 26 सितंबर को होने वाली अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) की तैयारियों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि पीटीएम के दौरान बच्चों का समग्र प्रगति पत्र अभिभावकों के साथ साझा किया जाए। सभी ब्लॉकों में एचपीसी को सही तरीके से भरवाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इसकी सत्यता की जांच भी की जाएगी। ड्रेस में विद्यालय आने वाले बच्चों के अभिभावकों की काउंसलिंग कर उन्हें बच्चों को यूनिफॉर्म में भेजने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। पीटीएम के निरीक्षण के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में प्राप्त विभिन्न फंड और उनके खर्च का विवरण आगामी अक्टूबर माह की बैठक में फोटो सहित प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैगलेस डे की गतिविधियां परियोजना द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार नियमित रूप से कराने को कहा गया।

बाल वाटिका-3 के लिए विद्यालयों में भेजी गई पुस्तकों, एचपीसी कार्ड, स्कूल रेडीनेस हैंडबुक, निपुण तालिकाओं और बिग बुक्स की विद्यालय स्तर पर अब तक 72 प्रतिशत स्कैनिंग पूरी होने की जानकारी दी गई। शेष स्कैनिंग तत्काल पूरी कराने के निर्देश दिए गए। सभी विद्यालयों में नियमित रूप से निपुण आकलन कराने और शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के लिए निपुण सेल का सहयोग लेने को कहा गया।

सीडीओ ने मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल तलहटा में शेष 28 प्रतिशत निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने, विद्यालयों में 19 पैरामीटर की सूची तैयार करने और हाईटेंशन लाइन से संबंधित विद्यालयों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। जर्जर विद्यालयों के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी करने को भी कहा गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं को पुरानी एवं उपलब्ध पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button