बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया में कूलिंग पैड फैक्ट्री में लगी भीषण आग

गाजियाबाद। कोतवाली फायर स्टेशन क्षेत्र के बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्लॉट नंबर एफ-21 पर शांति एंटरप्राइजेज की कूलर कूलिंग पैड बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन से चार दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं।
मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने देखा कि करीब 500 वर्ग मीटर के भूखंड पर बने अस्थायी टीन शेड में संचालित फैक्ट्री के लगभग पूरे हिस्से में आग फैल चुकी थी। स्थिति की जानकारी तत्काल मुख्य अग्निशमन अधिकारी को दी गई। उनके निर्देश पर वैशाली फायर स्टेशन से दो वाटर ब्राउजर और साहिबाबाद फायर स्टेशन से दो दमकल वाहन भी मौके पर भेजे गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और उनके निर्देशन में फायरकर्मियों ने चारों दिशाओं से होज पाइप की लाइन बिछाकर पानी की बौछार की। करीब दोपहर दो बजे कुल आठ फायर टेंडरों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद मौके पर कूलिंग का काम जारी रहा।
फायर विभाग के अनुसार आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन एवं बचाव कार्य के दौरान स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।



