पीडीए जनचौपाल में आजाद राय का सरकार पर तीखा हमला, महंगाई-बिजली- बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरा

संवाददाता स्टार एक्सप्रेस
सुलतानपुर। इसौली विधानसभा क्षेत्र के मालपुर सैनी में सोमवार को आयोजित पीडीए जनचौपाल में समाजवादी पार्टी ने महंगाई,बिजली,बेरोजगारी और विकास के मुद्दों पर सरकार को घेरा। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मजदूर सभा के अध्यक्ष आजाद राय ने स्मार्ट मीटर को लेकर मंच से तीखा बयान दिया।
उन्होंने कहा,स्मार्ट मीटर फर्जी मीटर है,इसे उखाड़ फेंको।आजाद राय ने कहा कि किसान, मजदूर, नौजवान और आम आदमी महंगाई से परेशान है। बिजली के बिल समेत रोजमर्रा की जरूरतों का बढ़ता खर्च लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनने और पार्टी की नीतियां बताने का आह्वान किया।भाजपा पर निशाना साधते हुए आजाद राय ने कहा कि जनता को महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सवाल करना चाहिए।
उन्होंने सपा सरकार बनने पर किसान, मजदूर, नौजवान और व्यापारियों के हित में काम करने की बात कही।विधायक मोहम्मद ताहिर खान ने क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर अशरफपुर में गोमती नदी पर पुल का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने इसौली-देवरा मार्ग के निर्माण की भी बात कही। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की लंबित समस्याओं को वह लगातार शासन और सदन में उठाते रहे हैं।जनचौपाल में जिलाध्यक्ष दुर्गावती कनौजिया, प्रदेश उपाध्यक्ष शारदा यादव, विधानसभा अध्यक्ष स्वामीनाथ यादव, ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश यादव,डाॅ० नरेंद्र बहादुर यादव, केशवराम यादव,डाॅ० सुरेश यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



