आवारा जानवरों का आतंक: खूंखार हुए बन्दर

पूजा करने जा रही किशोरी समेत दो लोगों को बंदरों ने बनाया निशाना

भरथना,इटावा। भरथना कस्बा में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मोतीगंज, कल्याण नगर, बाजपेई नगर,राजागंज, यादव नगर और आदर्श नगर समेत कई मोहल्लों में बंदर आए दिन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। बंदरों के बढ़ते आतंक से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

हाल ही में भरथना-बकेवर मार्ग स्थित राजागंज में पेट्रोल पंप के समीप पूजा करने जा रही किशोरी प्रिया पर बंदरों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। वहीं, मोहल्ला आदर्श नगर में भी पंकज नामक युवक बंदरों के हमले में घायल हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों के झुंड गलियों और सड़कों पर घूमते रहते हैं। अचानक हमला करने के कारण राहगीरों, बच्चों और महिलाओं को विशेष रूप से खतरा बना हुआ है। कई बार लोग बंदरों से बचने के प्रयास में गिरकर चोटिल होने से भी बाल-बाल बचते हैं।

मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने के लिए अभियान चलाने और समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बंदरों के हमलों से कोई गंभीर हादसा हो सकता है।

Related Articles

Back to top button