सेवानिवृत्त शाखा पोस्टमास्टर को भावभीनी विदाई

इकदिल,इटावा। उप डाकघर इकदिल से संबद्ध शाखा डाकघर रीतौर के शाखा पोस्टमास्टर सुरेश त्रिपाठी के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डाक विभाग के कर्मचारियों, अभिकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने श्री त्रिपाठी का माल्यार्पण कर तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
समारोह में जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सुरेश त्रिपाठी ने अपने सेवाकाल के दौरान पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। ग्रामीण क्षेत्र में डाक विभाग की सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने ग्राहकों के साथ सदैव मधुर व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग किया।
इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों एवं अभिकर्ताओं ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके सरल, सहज एवं सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की। सभी ने सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
विदाई समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति केवल एक औपचारिक पड़ाव है, जबकि व्यक्ति के अनुभव एवं सेवाभाव की स्मृतियां हमेशा साथ रहती हैं। कार्यक्रम के अंत में सुरेश त्रिपाठी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डाक विभाग में सेवाकाल के दौरान उन्हें सहकर्मियों एवं क्षेत्र के लोगों से मिले सहयोग और स्नेह को वे सदैव याद रखेंगे l
कार्यक्रम में डाक विभाग के कर्मचारी, अभिकर्ता एवं क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर पोस्टमास्टर मकरंद सिंह,दुर्वेश कुमार,जितेंद्र चौहान, पुनीत यादव,विजय यादव,एस कुमार, अभिकर्ता प्रमोद गुप्ता, डा.सुशील सम्राट,विमल मिश्रा,सुरेन्द्र गुप्ता,पवन राजपूत,पुष्पेंद्र यादव, अमित राजपूत,शिशुपाल सिंह,हरेंद्र राजपूत,हर्ष यादव,अभिषेक राजपूत, ऋषि दुबे,रजत अग्रवाल, हिमांशु दुबे आदि उपस्थित थे l



