नाली-गली में गंदगी छोड़ जाता है सफाईकर्मी

5 दिन से गली में पड़ा है कचरा,दुर्गंध-मच्छरों के प्रकोप का भय

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पड़रपुरा में नाली की सफाई के बाद गंदगी गली में छोड़ दिए जाने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों के अनुसार पिछले पांच दिनों से गली में नाली से निकली गंदगी पड़ी है। इससे दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सफाईकर्मी कई बार नाली से गंदगी निकालकर उसे गली में ही छोड़कर चला जाता है। कई दिनों तक गंदगी नहीं उठाए जाने से यह दोबारा नाली में चली जाती है। इससे सफाई व्यवस्था का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है और समस्या जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व भी इसी समस्या को लेकर खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद गली में पड़ी गंदगी हटाई गई थी, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन गई।

ग्रामीण बृजेश कुमार, मनोज,अजय यादव,रवि यदुवंशी,राजेश यादव सहित अन्य लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से गली में पड़ी गंदगी तत्काल हटवाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी और समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button