गड्ढों में तब्दील सड़क: डीएम से लगाई मरम्मत की गुहार

मलाजनी से वैदपुरा जाने वाली एक किमी सड़क बड़े-बड़े गड्ढे तब्दील

जसवंतनगर,इटावा। मलाजनी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़क ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। मलाजनी से राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए नगला हुलासी, जारीखेड़ा, कुंजपुरा होते हुए वैदपुरा थाना क्षेत्र में इटावा सैफई मैनपुरी सड़क मार्ग को जोड़ने वाली जर्जर सड़क पर करीब एक किलोमीटर तक जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मलाजनी नगला भिखन गाँव निवासी पूर्व लोक सभा प्रत्याशी कुलदीप कुमार ने सोमवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि सड़क की हालत काफी समय से खराब है। गड्ढों में पानी भर जाने से आए दिन स्कूली बच्चे और राहगीर परेशान होते हैं। साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चे कई बार गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं।

प्रार्थी के अनुसार ग्रामीणों ने समस्या को लेकर कई बार उपजिलाधिकारी जसवंतनगर को प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन अभी तक सड़क की मरम्मत को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश देने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button