विद्युत पोल के करंट से आवारा नंदी की मौत
विद्युत विभाग की लापरवाही आई सामने बिजली पोल में उतरा करंट

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रमायन स्थित मिनी स्टेडियम के पास मंगलवार सुबह विद्युत पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक नंदी की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह नंदी मिनी स्टेडियम के समीप घूम रहा था। इसी दौरान वह विद्युत पोल के संपर्क में आ गया। पोल में करंट उतरने के कारण नंदी उससे चिपक गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत पोल में करंट उतरने की घटना से आसपास के लोगों में भी दहशत है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से विद्युत पोल और लाइन की जांच कराकर समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है,ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।



