राष्ट्रगान प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

गाजियाबाद। उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से संबंधित वायरल वीडियो में राष्ट्रगान के दौरान उनके कार्यक्रम स्थल से चले जाने के कथित प्रकरण को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद ने विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से थाना सिहानी गेट पहुंचकर पुलिस को मांग-पत्र और लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीर सिंह जाटव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाना सिहानी गेट पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराने और पूरे घटनाक्रम के तथ्यों को सामने लाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रगान देश की एकता, अखंडता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में राष्ट्रगान से जुड़े किसी भी मामले की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल वायरल वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध सीसीटीवी और अन्य वीडियो फुटेज की जांच की जानी चाहिए।
ज्ञापन में कार्यक्रम के आयोजकों, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज कराने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जांच के माध्यम से यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि राष्ट्रगान के दौरान वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ था। यदि जांच में किसी कानून का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रगान किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के सम्मान और देश के गौरव का प्रतीक है। इसलिए इस मामले में राजनीति से ऊपर उठकर निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखने में विश्वास रखती है। पार्टी का उद्देश्य किसी व्यक्ति का व्यक्तिगत अपमान करना नहीं, बल्कि राष्ट्रगान के सम्मान और संवैधानिक मर्यादाओं से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करना है।
इस दौरान नवीन पोल, सुरेंद्र शर्मा, अनवर कुरैशी, मोहम्मद इरफान, राजीव शर्मा, सीमा, नजमीन, रूबी मलिक, बाबूराम शर्मा, प्रशांत महान, अरविंद, कासिम प्रधान, हाजी खुर्शीद, उदय सिंह पाल, बाबूराम आर्य, विनोद शर्मा, हरपाल सिंह, हरेंद्र सिंह, बाबा आदित्य सहित बड़ी संख्या में जिला एवं महानगर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से पुलिस को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।



