खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी से मचा हड़कंप
टीम ने दो दुकानों से लिए बूंदी लड्डू के नमूने

जसवंतनगर,इटावा बलरई थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त रोशन जैकब के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविभान ने पुलिस टीम के साथ बलरई नहर पुल और विकास नगर मोहल्ले में करीब आधा दर्जन दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की।
अभियान के दौरान दो मिष्ठान विक्रेताओं की दुकानों से बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी की भनक लगते ही बंद हुईं दुकानें
खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मौके से चले गए। इससे कुछ देर के लिए बलरई क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। टीम ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और दूषित या मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविभान ने बताया कि सावन माह में दूध, खोया, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। संदिग्ध खाद्य सामग्री की बिक्री की सूचना खाद्य विभाग को देने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान थाना पुलिस मौजूद रही।



