बारिश में ढह गया गरीब का आशियाना

भरभराकर गिरी पक्के मकान की छत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर तहसील क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने एक परिवार का आशियाना उजाड़ दिया। जगसौरा नगरिया भाट गांव निवासी जन्दल सिंह पुत्र नाथूराम के पुराने पक्के मकान की छत बुधवार रात अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में कमरे में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। हालांकि, परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे,जिससे जनहानि टल गई।

बताया गया कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। बुधवार रात करीब 11 बजे तेज आवाज के साथ छत गिर पड़ी। मलबे में बेड, सोफा, पंखा, फ्रिज, टीवी, बर्तन, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित के अनुसार हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

पीड़ित जन्दल सिंह ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। गुरुवार सुबह वह तहसील पहुंचकर तहसीलदार अभिजीत गौरव से मिले और आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने तत्काल हल्का लेखपाल जयपाल सिंह को मौके पर भेजा। लेखपाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और अपनी रिपोर्ट आपदा विभाग को भेज दी है। तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

Related Articles

Back to top button