डीएम की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) मैनेजमेंट कमेटी की बैठक सम्पन्न

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छता समिति एवं जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) मैनेजमेंट कमेटी हेतु गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों में तेजी लाने, ग्राम पंचायतों में निर्मित कराए गए आर०आर०सी० के संचालन व शतप्रतिशत उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, इसके साथ ही सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालयों के नियमित उपयोग एवं रखरखाव, स्वच्छता परिसरों के प्रभावी संचालन तथा जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक जनआंदोलन है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के विभिन्न घटकों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनसहभागिता बढ़ाने एवं व्यवहार परिवर्तन संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण मानक के अनुरूप समयबद्ध पूर्ण कराने, अनारम्भ कार्यों को शीघ्र प्रारम्भ कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, ब्लाक प्रमुख जगतपुर दल बहादुर सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह,पीडी डीआरडीए मुनेश चंद्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह,जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



