गंग नहर में सड़ रहे मृत पशु: दुर्गंध से बेहाल
भोगनीपुर गंग नहर पुल के पानी में कई दिनों से पड़े हैं पशुओं के शव

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र से गुजरने वाली भोगनीपुर गंग नहर पुल के पास पानी में कई दिनों से मृत अन्ना पशु पड़े होने से आसपास का वातावरण दुर्गंध से भर गया है। बदबू के कारण पुल से गुजरने वाले राहगीरों, स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद सिंचाई विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।
शनिवार को इसी मार्ग से ब्रह्माणी देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ कलश यात्रा भी निकली। यात्रा में शामिल बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं को तेज दुर्गंध के कारण काफी दिक्कत हुई। कई महिलाओं ने नाक पर कपड़ा रखकर पुल पार किया, जबकि कुछ महिलाओं को उल्टी तक आ गई। श्रद्धालुओं ने मृत पशुओं को तत्काल हटवाने की मांग करते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी में पड़े मृत पशुओं से न केवल दुर्गंध फैल रही है, बल्कि संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उनका कहना है कि मृत पशुओं को जल्द बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर दफनाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और स्वास्थ्य संबंधी खतरे को टाला जा सके।
इस संबंध में सिंचाई विभाग के जेई महिपाल सिंह ने बताया कि संबंधित कर्मचारी द्वारा एक दिन पहले ही मामले की सूचना दे दी गई थी। मृत पशुओं को हटाने की कार्रवाई शुरू करा दी गई है और रविवार तक समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।



