गगन एन्क्लेव में एनसीसी कैडेट्स व विद्यार्थियों ने स्थानीय निवासियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए किया प्रेरित

गाज़ियाबाद। रयान इंटरनेशनल स्कूल, गाज़ियाबाद के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को गगन एन्क्लेव सोसाइटी में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान 40 औषधीय, सजावटी एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया तथा स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया गया।
यह अभियान रायन ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स के अध्यक्ष डॉ. ए. एफ. पिंटो के दूरदर्शी नेतृत्व एवं प्रबंध निदेशिका डॉ. ग्रेस पिंटो के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। यह आयोजन रायन ग्रुप के शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में 50 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भी विशेष रहा।
कार्यक्रम में कक्षा सात के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स तथा विद्यालय की एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ) द्वितीय अधिकारी II/O सुनीता रज़ोरा एवं मीनाक्षी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरक संदेशों वाले बैनर प्रदर्शित कर लोगों को वृक्षारोपण के लिए जागरूक किया।
इस अवसर पर रिंकू गौतम तथा गगन एन्क्लेव रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष पंडित अतुल शर्मा, सचिव हेमंत खुराना, लेखा परीक्षक के. डी. शर्मा, संयुक्त सचिव अभिनव अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य ऋचा शर्मा सहित वीरेंद्र शर्मा, श्रीनिवास शर्मा, अंजू रानी और शिखा शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नवरोपित पौधों की नियमित देखभाल करने तथा स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। विद्यालय का यह अभियान समाज में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।



