खेत पर किसान की संदिग्ध मौत: पुलिस जांच में जुटी
खेत में सिंचाई करने गया था किसान

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में खेत पर पानी लगा रहे एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक की पहचान बटेश्वरी दयाल बघेल 60 पुत्र स्व. सुखवासी निवासी गोपालपुर के रूप में हुई। सूचना पर घटनास्थल पहुंचे थानाध्यक्ष कृपाल सिंह ने बटेश्वरी दयाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों के अनुसार मृतक बटेश्वरी दयाल बीते रविवार को दिन में खेत में पानी लगाने गए थे। हमारे पारिवारिक चाचा लल्ला सिंह के ट्यूबवेल से पानी लेकर खेतों में सिंचाई कर रहे थे।
शाम को घर वापस न आने पर हम लोगों ने खेत पर जाकर देखा तो बटेश्वरी दयाल अचेतावस्था में पड़े हुए थे। आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।परिवार वालों ने आशंका जताई है कि सांप के काटने से बटेश्वरी दयाल की मौत हो गई। केंद्र अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बटेश्वरी दयाल अस्पताल में मृत अवस्था में लाये गये।शरीर पर कहीं भी सांप काटने का निशान नहीं था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा। गांव में चर्चा यह भी रही मृतक बटेश्वरी दयाल ब्लड प्रेशर और हृदय संबंधी बीमारी से भी ग्रसित थे।अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।मृतक अपने पीछे पत्नी रामलली तीन पुत्र जयवीर सिंह, संदीप,मंगल सिंह और एक पुत्री प्रीति को छोड़ गए हैं। जिसमें से दो पुत्र और पुत्री विवाहित हैं।घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष कृपाल सिंह ने बताया कि मृतक के पोस्टमार्टम में बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।हृदय गति रुकने से मौत का कारण सामने आया है।सर्पदंश की भी चर्चा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।



