कलश यात्रा: श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ
महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश रखकर निकाली मंगल कलश यात्रा

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांदनपुर में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक हुआ। गांव में निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों एवं श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय जयघोषों और धार्मिक नारों से गूंज उठा।
कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर कथा स्थल पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कथा का शुभारंभ कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पडरपुरा स्थित सचिन साड़ी संसार द्वारा कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए शरबत वितरण किया गया तथा कन्याओं को पटका उड़ाकर उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
कथा व्यास आचार्य श्री राघव दास जी महाराज ने श्रीमद् भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म और सत्कर्म का संदेश दिया। उनके मुखारविंद से कथा श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। आयोजन समिति ने सभी क्षेत्रवासियों से कथा श्रवण कर धर्म लाभ लेने की अपील की।



