कांग्रेस स्थापना दिवस पर मऊ में मंथन, संगठन विस्तार और संघर्ष का संकल्प

सुजीत कुमार मऊ
मऊ। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस को मऊ स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजमंगल यादव द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस के इतिहास, वर्तमान राजनीतिक हालात और आने वाली चुनौतियों को लेकर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी से लेकर आज तक लोकतंत्र की मजबूती के लिए निरंतर संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि आज भी जब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है, तब कांग्रेस की भूमिका सबसे अहम हो जाती है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ही देश का भविष्य है और पार्टी के नेता राहुल गांधी लगातार आम जनता की आवाज बनकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि जनता को सच्चाई से अवगत कराया जा सके।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार और मजबूती पर विशेष चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने संगठन की आगामी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आने वाले समय में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।
विचार गोष्ठी में यह भी निर्णय लिया गया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर या समाप्त करने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस जनआंदोलन चलाएगी। नेताओं ने कहा कि मनरेगा गरीब और मजदूर वर्ग के लिए जीवनरेखा है और इसे खत्म करने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस पूरी ताकत से विरोध करेगी। कार्यक्रम के दौरान जिला कमेटी, पीसीसी एवं एआईसीसी सदस्यों के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
साथ ही जिला निर्वाचन कार्यालय एवं एसआईआर से संबंधित बैठकों में पार्टी का पक्ष रखने के लिए हफीजुर्रहमान और सुहेल अहमद एडवोकेट को नामित किया गया। इसके अलावा अमरनाथ योगी को जिला कांग्रेस कार्यालय का सचिव नियुक्त किए जाने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से सुहेल नोमानी, हरिश्चंद्र यादव, सतिराम यादव, परशुराम यादव, सुहेल अहमद, मनोज गिहार, हफीजुर्रहमान, अमरनाथ योगी, जावेद खान, रूबी निशा, महक पांडे, आकृति, अभिषेक भारती, चंदन, कृष्णा, आरती, नीतू, पायल, नजीर अहमद सहित कई कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक अमरेश चंद्र पाण्डेय ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव मनोज गिहार द्वारा किया गया। अंत में सभी ने कांग्रेस के सिद्धांतों पर चलते हुए संगठन को मजबूत करने और जनता के हित में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।



