डीएम ने 46 बीएलओ को बेहतर काम के लिए किया सम्मानित

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट के नए सभागार में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सम्मानित किया। यह सम्मान उन बीएलओ को दिया गया जिन्होंने घर-घर जाकर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य समय पर पूरा किया। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में लगभग 12.5 लाख मतदाता हैं, जिनमें से 60 प्रतिशत का सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है। जिले में कुल 142 बीएलओ नियुक्त किए गए हैं।

इनमें से तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 46 बीएलओ को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने कुछ राजनीतिक दलों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का भी उल्लेख किया, जिनमें कहा गया था कि कई क्षेत्रों में 50 प्रतिशत फॉर्म नहीं बांटे गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बीएलओ लगातार परिश्रम कर घर-घर पहुंच रहे हैं और सत्यापन का कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने गणना प्रपत्र जल्द से जल्द जमा करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि जो मतदाता अपने फॉर्म नहीं भरेंगे, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जा सकेंगे। डीएम ने बताया कि बीएलओ ऐप के माध्यम से डेटा तेजी से अपलोड किया जा रहा है। राज्य सरकार ने बीएलओ का मानदेय 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया है। उन्होंने घनी आबादी वाले इलाकों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी न्यायिक दीप शिखा और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button