गांधी जयंती पर गाजियाबाद में 10 नए नारायण अन्न सेवा केंद्र शुरू
अब तक दो लाख जरूरतमंदों तक पहुंचाया भोजन, प्रतिदिन 10 लाख भोजन वितरण का लक्ष्य

गाजियाबाद,। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से गाजियाबाद में 10 नए नारायण अन्न सेवा वितरण केंद्रों का शुभारंभ किया गया। इन केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक भोजन और प्रसाद पहुंचाने के अभियान को विस्तार दिया गया है। विभिन्न केंद्रों पर स्वयंसेवकों ने भोजन का वितरण भी किया।
संस्था का उद्देश्य अन्न सेवा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना है। संस्था की ओर से नागरिकों, व्यापारियों, उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और दानदाताओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की गई है।
ट्रस्ट के ट्रस्टी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि नारायण अन्न सेवा केवल भोजन वितरण का अभियान नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का संकल्प है। अब तक करीब दो लाख भोजन जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाए जा चुके हैं। गांधी जयंती पर 10 नए केंद्रों की शुरुआत इसी अभियान के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि संस्था का अगला लक्ष्य प्रतिदिन 10 लाख भोजन जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पुण्यतिथि और अन्य विशेष अवसरों को अन्न सेवा से जोड़ने की अपील की।
इन स्थानों पर शुरू हुए सेवा केंद्र
नए अन्न सेवा केंद्र महाराजा सूरजमल जाट चौक मेहरौली, आदित्य वर्ल्ड सिटी रोड, सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल के पास, महागुनपुरम के निकट, आईएमएस गाजियाबाद के पास लाल कुआं फ्लाईओवर, इंडस्ट्रियल एरिया मुखर्जी पार्क, विवेकानंद फ्लाईओवर, महरौली रेलवे स्टेशन, बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया प्राथमिक अस्पताल और विवेकानंद फ्लाईओवर स्थित हनुमान मंदिर के पास शुरू किए गए हैं।
ट्रस्ट ने लोगों से एक भोजन प्रायोजित करने, विशेष अवसरों पर अन्न सेवा कराने और स्वयंसेवक के रूप में अभियान से जुड़ने की अपील की। संस्था का लक्ष्य अन्न सेवा के नेटवर्क का विस्तार कर अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना है।



