कैप्टन कूल लॉरा वोल्वार्ड का रिकॉर्ड कैसा, भारत को हरा पाना मुश्किल

Womens World Cup Final 2025: भारतीय महिला टीम ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया।
भारत के लिए जेमिमा रोड्रिग्स ने 134 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से नाबाद 127 रन बनाए। अब फाइनल में भारतीय टीम को खिताब के लिए दक्षिण अफ्रीका से भिड़ना है।
भारतीय टीम ने अब तक टूर्नामेंट में अपना दमदार खेल दिखाया है। मगर दक्षिण अफ्रीकी टीम भी उतनी ही मजबूत है। खास बात यह है कि कप्तान लॉरा वोल्वार्ड शानदार फॉर्म में हैं। आइए जानते हैं उनका रिकॉर्ड।
दक्षिण अफ्रीका में कैप्टन कूल के नाम से जाना जाता है
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड को ‘कैप्टन कूल’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने मौजूदा महिला वनडे विश्व कप में अपनी टीम का शानदार नेतृत्व किया है और टीम को फाइनल तक पहुँचाया है।
वोल्वार्ड मौजूदा टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं। उन्होंने 8 मैचों में 67 की औसत से 470 रन बनाए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर मौजूद स्मृति मंधाना उनसे 90 रन पीछे हैं।
लॉरा ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भी अपनी तूफानी बैटिंग का जलवा दिखाया है। इंग्लैंड के विरुद्ध सेमीफाइनल मैच में उन्होंने 20 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 169 रन बनाए।
लॉरा अभी सिर्फ़ 26 साल की हैं, मगर उन्होंने 13 साल की उम्र में दक्षिण अफ़्रीकी महिला अंडर-19 टीम के साथ खेलना शुरू किया था। इसलिए, उन्हें क्रिकेट खेलने का लंबा अनुभव है और उन्होंने क्रिकेट में आए बदलावों को भी देखा है।
महिला विश्व कप 2025: महिला क्रिकेट के अच्छे दिन, मिलेगा पुरुषों से ज़्यादा इनाम
लॉरा ने अब तक 118 वनडे मैच खेले हैं और 5,121 रन बनाए हैं। 184* उनका सर्वोच्च स्कोर है। उनके नाम 38 अर्धशतक और 10 शतक हैं। उन्होंने 575 चौके भी लगाए हैं।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के साथ साथ कैप्टन कूल को लीग टूर्नामेंटों में भी अच्छा-खासा अनुभव है। उन्होंने लीग टूर्नामेंटों में 11 अलग-अलग टीमों के लिए खेला है। 13 सालों तक विभिन्न पिचों पर खेलने के कारण, उनके पास बड़े मैचों का अपार अनुभव है। वहीं अब भारतीय फैंस की नजर 2025 के Womens World Cup Final पर हैं।


