3,562 करोड़ से अधिक का विद्युत बिल संग्रह विद्युत सखियों ने बनाया नया कीर्तिमान, हजारों दीदियां बनीं लखपति

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता

लखनऊ। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संचालित विद्युत सखी अभियान ने विद्युत बिल संग्रह के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत सखी कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं की आमदनी बढ़ रही है और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

साथ ही समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और विश्वास भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के महिला नेतृत्व वाले विकास और आत्मनिर्भर भारत के विजन को उत्तर प्रदेश में प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने में स्वयं सहायता समूहों की दीदियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ₹3,562 करोड़ से अधिक का विद्युत बिल संग्रह, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन तथा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मध्य हुए अभिसरण से संचालित विद्युत सखी कार्यक्रम ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत से अब तक 16,021 सक्रिय विद्युत सखियों द्वारा ₹3,562 करोड़ से अधिक के विद्युत बिलों का संग्रह किया जा चुका है। विद्युत सखियों ने 1.55 करोड़ से अधिक बिलों का सफल संग्रह कर ₹46 करोड़ से अधिक का कमीशन अर्जित किया है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक विद्युत सखियों ने ₹250 करोड़ से अधिक का राजस्व संग्रहण कर ₹3.15 करोड़ से अधिक कमीशन अर्जित किया है। वर्ष 2025-26 में ₹1,451 करोड़, वर्ष 2024-25 में ₹1,044 करोड़, वर्ष 2023-24 में ₹466 करोड़ तथा वर्ष 2022-23 में ₹263 करोड़ का संग्रहण किया गया था। यह आंकड़े कार्यक्रम की तेज गति से बढ़ती सफलता को स्पष्ट करते हैं।

एक माह में ₹350 करोड़ का संग्रहण बना उपलब्धि का प्रमाण

कार्यक्रम के प्रभारी मिशन प्रबंधक आयुष वर्मा के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2022-23 में पूरे वर्ष में ₹263 करोड़ का बिल संग्रह किया गया था, जबकि दिसंबर 2025 में अकेले एक माह में ₹350 करोड़ का संग्रहण किया गया। यह विद्युत सखी कार्यक्रम की अभूतपूर्व प्रगति और ग्रामीण महिलाओं की बढ़ती कार्यक्षमता का प्रमाण है। व्यक्तिगत स्तर पर भी विद्युत सखियों ने बनाए रिकॉर्ड बिजनौर, सहारनपुर, सुल्तानपुर, मेरठ और अमेठी सहित कई जिलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

प्रदेश की शीर्ष 10 विद्युत सखियों ने इस वित्तीय वर्ष में एनसीसीपी द्वारा संचालित नए ई-वॉलेट के माध्यम से ₹20 करोड़ से अधिक का बिल संग्रह कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मेरठ की संगीता ने 8,718 बिलों के माध्यम से लगभग ₹3 करोड़, बाराबंकी की लक्ष्मी देवी ने 8,386 बिलों के माध्यम से लगभग ₹2 करोड़ तथा अमेठी की सोनी द्विवेदी ने 6,556 बिलों के माध्यम से ₹2.27 करोड़ का संग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button