चोरी हो चुके सामान की बरामदगी को लेकर पीड़ित ने एसपी से की शिकायत
पीड़ित का आरोप, थाना अध्यक्ष ने नामजद आरोपियों के बजाय अज्ञात में दर्ज कराया मुकदमा

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता
सुल्तानपुर। जनपद के कादीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मझगवा गांव निवासी सुनील कुमार यादव ने चोरी हो चुके सामान की बरामदगी और नामजद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार, दिनांक 10 दिसंबर 2025 को गाटा संख्या 236, ग्राम कैमापुर स्थित उनके ट्यूबवेल के कमरे से चोर तीन हॉर्स पावर की मोटर, झटका मशीन और बैटरी चोरी कर ले गए। इस संबंध में उन्होंने कादीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सुनील कुमार यादव का आरोप है कि उन्होंने अपने शिकायती पत्र में स्पष्ट रूप से जितेंद्र पुत्र झींगुरी निवासी ग्राम रामपुर थाना कादीपुर, अखिलेश वर्मा पुत्र सिंपुल तथा जयप्रकाश वर्मा उर्फ अर्जुन निवासी ग्राम करपी रामपुर थाना कादीपुर को चोरी का आरोपी बताया था। इसके बावजूद थाना अध्यक्ष श्याम सुंदर द्वारा मुकदमा अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया गया।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की तो थाना अध्यक्ष ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराने की बात कही।
वहीं, इस पूरे मामले पर थाना अध्यक्ष कादीपुर श्याम सुंदर ने बताया कि थाने पर जो प्रारंभिक शिकायती पत्र प्राप्त हुआ, वह अज्ञात के खिलाफ था, उसी आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित को बयान के लिए बुलाया गया है और यदि जांच के दौरान आरोपियों के नाम सामने आते हैं तो मुकदमे में उनके नाम बढ़ाए जाएंगे।
फिलहाल पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी और नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



