गणेशजी की भव्य शोभायात्रा 8 को करेगी भ्रमण
भगवान श्रीगणेश जी महाराज शोभायात्रा का नगर में होगा भव्य स्वागत

जसवंतनगर,इटावा। प्रथम पूज्य विघ्न विनाशक भगवान श्रीगणेश जी महाराज की भव्य शोभायात्रा आगामी 8 अक्टूबर को कर्णप्रिय स्वर लहरियों एवं सुसज्जित आकर्षक झांकियां के साथ नगर में धूमधाम के साथ भ्रमण करेगी।
आयोजक श्रीगणेश सेवा संस्थान के प्रवक्ता बल्लू पोरवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को यह शोभायात्रा जसवंत नगर रेलवे स्टेशन के समीप से सायंकाल 6:30 बजे सामूहिक आरती के उपरांत नगर में दर्शन देने के लिए रवाना होगी। शोभायात्रा में डेढ़ दर्जन के लगभग भव्य झांकियां भी साथ-साथ चलेगी, इसके अलावा कई मशहूर बैंड,धार्मिक अखाड़े तथा अन्य आकर्षण भी दर्शकों को देखने को मिलेंगे। उन्होंने भगवान गणेश में आस्था रखते श्रद्धालु दर्शकों से अपील की है कि वे इस शोभायात्रा में चार चांद लगाने के लिए अपने-अपने घरों पर सजावट और रोशनी कर गणेश जी का स्वागत करें।



