राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में छात्रों ने किया प्रतिभाग

संवेदनशीलता सत्र का हुआ आयोजन

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के निर्देशन में श्वसन रोग विभाग द्वारा एमबीबीएस अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के नवीन दिशा-निर्देशों पर आधारित एक संवेदनशीलता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को क्षय रोग उन्मूलन के अद्यतन दिशा-निर्देशों से अवगत कराना तथा रोग के प्रभावी निदान,उपचार एवं रोकथाम के प्रति उनकी समझ को सुदृढ़ करना था। इस अवसर पर छात्रों को टीबी के नवीनतम प्रबंधन, उन्नत जांच विधियों, उपचार प्रोटोकॉल एवं रोग उन्मूलन हेतु उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कुलपति प्रो.डॉ. अजय सिंह की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में उनकी उस मूल विचारधारा पर विशेष बल दिया गया, जिसमें चिकित्सीय सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ चिकित्सकों द्वारा रोगियों के प्रति संवेदनशील एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार को उपचार की आधारशिला माना गया है। उन्होंने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम को प्रभावी रूप से धरातल पर लागू करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यक्रम में श्वसन रोग विभाग के विभागाध्यक्ष एवं चिकित्सा संकायाध्यक्ष डॉ.आदेश कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने सक्रिय सहभागिता की तथा विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनके प्रश्नों का समाधान किया।

Related Articles

Back to top button