पर्वत सिंह बने भाजपा पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक

विधानसभा चुनाव में भी हो सकते हैं दावेदार

जसवंतनगर,इटावा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी के पर्यावरण प्रकोष्ठ में नई नियुक्तियां करते हुए पर्वत सिंह यादव को प्रदेश संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ निशिरंजन तिवारी, श्यामा मिलन विश्वकर्मा, अर्पित चित्रांश और आनंद त्रिपाठी को प्रदेश सह संयोजक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सात सदस्यों को भी प्रकोष्ठ में जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश संयोजक नियुक्त किए गए पर्वत सिंह यादव मूल रूप से गढ़ी जालिम गांव के निवासी हैं। वह पिछले करीब चार दशक से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी के संगठन से जुड़े हुए हैं। लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहने के चलते उनकी राजनीतिक और संगठनात्मक क्षेत्र में अच्छी पकड़ मानी जाती है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों में राजनीतिक संपर्क रखने वाले पर्वत सिंह यादव को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को उनकी संगठनात्मक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी पर्वत सिंह यादव की राजनीतिक सक्रियता चर्चा में है। माना जा रहा है कि वह इस बार विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।

देर रात फोन पर बातचीत के दौरान पर्वत सिंह यादव ने प्रदेश संयोजक बनाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए भाजपा के प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।

Related Articles

Back to top button