गौशाला में एक गाय की मौत: चार मरणासन्न

ताखा ब्लॉक के समथर गौशाला की व्यवस्था पर उठे सवाल

ऊसराहार,इटावा। ताखा विकास खण्ड क्षेत्र की समथर ग्राम पंचायत स्थित गौशाला से सामने आई तस्वीरों ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन तस्वीरों में एक गाय मृत और 4 मरणासन्न बेसहारा गाय दिखाई दे रही है, जो गौशाला के कुप्रबंधन को उजागर करती है।

वीडियो में स्पष्ट है कि गायें भूसा-फूस के बीच असहाय अवस्था में पड़ी हैं। गौशाला में न तो चारे-पानी की उचित व्यवस्था है और न ही बीमार पशुओं के लिए उपचार का प्रबंध। ग्रामीणों का आरोप है कि ऐसी स्थिति में पशु अक्सर देखे जाते हैं और कई की मौतें भी हो चुकी हैं।

सरकार द्वारा गौशालाओं के संचालन और गौवंश के पालन-पोषण के लिए प्रतिवर्ष लाखों रुपये का बजट आवंटित किया जाता है। इसके बावजूद, ताखा गौशाला में स्थिति दयनीय बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गौवंश के नाम पर मिलने वाले धन का दुरुपयोग किया जा रहा है और निरीक्षण केवल कागजों तक सीमित है।

एक ओर जहां योगी सरकार गौवंश संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात करती है, वहीं ताखा छेत्र की गौशाला जैसी गौशालाओं की स्थिति इन प्रयासों पर प्रश्नचिह्न लगाती है। यह सवाल उठता है कि जब पशुओं की ऐसी दुर्दशा है, तो जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि क्या कदम उठा रहे हैं।

वहीं इस मामले में ताखा खंड विकास अधिकारी से बात करने की कोशिश की गई तो फोन नहीं उठाया गया

Related Articles

Back to top button