नवविवाहिता की इलाज के दौरान मौत

दहेज हत्या का आरोप: एक सप्ताह पहले फांसी लगाने के प्रयास में बिगड़ी थी हालत,इलाज के दौरान निजी अस्पताल में तोड़ा दम,

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बे के मोहल्ला महावीर नगर निवासी नवविवाहिता शिवा कुमारी 26 पत्नी शिवानंद की शुक्रवार सुबह करीब छह बजे इटावा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने तथा जान से मारने का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता सुनील कुमार और चाचा अखिलेश कुमार निवासी फूलपुर करवा,भरथना ने बताया कि शिवा कुमारी की शादी 16 अप्रैल 2025 को हुई थी। आरोप है कि कुछ माह पहले जब वह मायके आई थी,तब उसे पता चला कि उसके जेवरात ससुरालीजनों ने बेच दिए हैं। जेवरात वापस मांगने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
मायके पक्ष का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने के कारण शिवा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसी बीच बीती 23 जुलाई को घर में फांसी लगाने के प्रयास में उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए इटावा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था,जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Related Articles

Back to top button