दिल्ली में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, एक कर्मचारी की मौत, तीन घायल

स्टार एक्सप्रेस संवाददता

नई दिल्ली: बवाना इलाके में शुक्रवार सुबह धमाके के बाद एक प्लास्टिक दाने की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। हादसे में चार कर्मचारी झुलस गए। चारों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य कर्मचारियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचकर करीब ढ़ाई घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू कर लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है।

तीन कर्मचारी मामूली रूप से झुलसे हैं
दमकल विभाग को शुक्रवार सुबह पौने ग्यारह बजे सेक्टर-एक बवाना स्थित एक प्लास्टिक फैक्टरी के बेसमेंट में धमाका के बाद आग लगने की सूचना मिली। स्थानीय पुलिस एंव दमकल की टीम मौके पर पहुंची और फैक्टरी कर्मचारियों की मदद से अनिल और जुबैर सहित चार लोगों को झुलसी अवस्था में बाहर निकाला। चारों घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने जुबैर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अनिल सहित तीन कर्मचारी मामूली रूप से झुलसे हैं। हालांकि उनका अभी अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।
करीब साढ़े बारह बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया
इधर दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब साढ़े बारह बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में घायल कर्मचारियों ने बताया कि सभी मशीन पर काम कर रहे थे। तभी अचानक जोर से धमाका हुआ और कमरे में आग फैल गई। पूरे कमरे में धुआं भर गया। सभी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। शोर शराबा की आवाज सुनकर आस पास की फैक्टरी से लोग पहुंचे और लोगों को बाहर निकाला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button